10:50 AM, 06-Apr-2022
Table of Contents
मुश्किल समय में भारत 80 करोड़ गरीबों, वंचितों को मुफ्त राशन दे रहा है: पीएम
पीएम मोदी ने कहा कि आज पूरी दुनिया देख रही है कि इतने मुश्किल समय में भारत 80 करोड़ गरीबों, वंचितों को मुफ्त राशन दे रहा है। 100 साल के इस सबसे बड़े संकट में गरीब को भूखा न सोना पड़े, इसके लिए केंद्र सरकार करीब 3.5 लाख करोड़ रुपये खर्च कर रही है।
10:49 AM, 06-Apr-2022
पीएम मोदी बोले- हमने जितने काम किए , उनकी चर्चा में कई घंटे लग जाएंगे
पीएम मोदी ने कहा कि गरीबों को पक्के घर से लेकर शौचालय के निर्माण तक, आयुष्मान योजना से लेकर उज्ज्वला तक, हर घर जल से लेकर हर गरीब को बैंक खाते तक ऐसे कितने ही काम हुए हैं, जिनकी चर्चा में कई घंटे निकल सकते हैं। पीएम मोदी ने कहा कि बीते वर्षों में देश ने ये देखा कि अपने नागरिकों का जीवन आसान बनाना भाजपा सरकारों की, डबल इंजन सरकार की प्राथमिकता रही है। सबका साथ, सबका विकास के मंत्र के साथ हम सबका विश्वास प्राप्त कर रहे हैं। देश के विकास के लिए दिन रात मेहनत कर रहे हैं।
10:43 AM, 06-Apr-2022
तीस लाख करोड़ रुपए के उत्पादों के निर्यात का लक्ष्य पूरा करना ऐतिहासिक
पीएम मोदी ने कहा कि कुछ समय पहले ही देश ने 400 बिलियन डॉलर यानि तीस लाख करोड़ रुपए के उत्पादों के निर्यात का लक्ष्य पूरा किया है। कोरोना के इस काल में इतना बड़ा लक्ष्य हासिल करना, भारत के सामर्थ्य को दिखाता है।
10:40 AM, 06-Apr-2022
आज देश के पास नीतियां भी हैं, नियत भी है: पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि हमारी सरकार राष्ट्रीय हितों को सर्वोपरि रखते हुए काम कर रही है। आज देश के पास नीतियां भी हैं, नियत भी है। आज देश के पास निर्णयशक्ति भी है, और निश्चयशक्ति भी है। इसलिए, आज हम लक्ष्य तय कर रहे हैं, उन्हें पूरा भी कर रहे हैं।
10:37 AM, 06-Apr-2022
इस बार का स्थापना दिवस तीन वजहों से महत्वपूर्ण: पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि इस बार का स्थापना दिवस तीन वजहों से महत्वपूर्ण है। पहला कारण है कि इस समय हम देश की आजादी के 75 वर्ष का पर्व मना रहे हैं, आजादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं। ये प्रेरणा का बहुत बड़ा अवसर है। दूसरा कारण है- तेजी से बदलती हुई वैश्विक परिस्थितियां, बदलता हुआ ग्लोबल ऑर्डर। इसमें भारत के लिए लगातार नई संभावनाएं बन रही हैं। तीसरा कारण भी उतना ही अहम है। कुछ सप्ताह पहले चार राज्यों में भाजपा की डबल इंजन की सरकारें वापस लौटी हैं। तीन दशकों के बाद राज्यसभा में किसी पार्टी के सदस्यों की संख्या 100 तक पहुंची है।
10:34 AM, 06-Apr-2022
आज का भारत है जो बिना किसी डर या दबाव के अडिग रहता है: पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि आज दुनिया के सामने एक ऐसा भारत है जो बिना किसी डर या दबाव के, अपने हितों के लिए अडिग रहता है। जब पूरी दुनिया दो विरोधी ध्रुवों में बंटी हो, तब भारत को ऐसे देश के रूप में देखा जा रहा है, जो दृढ़ता के साथ मानवता की बात कर सकता है।
10:29 AM, 06-Apr-2022
ये अमृत काल भाजपा के हर कार्यकर्ता के लिए कर्तव्य काल: पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि इस अमृत काल में भारत की सोच आत्मनिर्भरता की है, लोकल को ग्लोबल बनाने की है, सामाजिक न्याय और समरसता की है। इन्हीं संकल्पों को लेकर एक विचारबीज के रूप में हमारी पार्टी की स्थापना हुई थी। इसलिए ये अमृत काल भाजपा के हर कार्यकर्ता के लिए कर्तव्य काल है।
10:22 AM, 06-Apr-2022
राज्यसभा में तीन दशक बाद किसी पार्टी की संख्या 100 तक पहुंची
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि तीन दशक के बाद राज्यसभा में किसी पार्टी के सदस्यों की संख्या 100 तक पहुंची है। वैश्विक दृष्टिकोण से देखें या राष्ट्रीय दृष्टिकोण से देखें भाजपा का दायित्व, भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता का दायित्व लगातार बढ़ रहा है।
10:22 AM, 06-Apr-2022
मां स्कंदमाता अपने दोनों हाथों में कमल का फूल थामें रहती हैं: पीएम
पीएम मोदी ने कहा कि आज नवरात्रि की पांचवीं तिथि भी है, आज के दिन हम सभी मां स्कंदमाता की पूजा करते हैं। हम सबने देखा है कि मां स्कंदमाता कमल के आसन पर विराजमान रहती हैं और अपने दोनों हाथों में कमल का फूल थामें रहती हैं।
10:18 AM, 06-Apr-2022
भाजपा एक भारत, श्रेष्ठ भारत के मंत्र पर चल रही: पीएम मोदी
भाजपा के 42वें स्थापना दिवस के अवसर पर पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि मैं देश और दुनिया भर में फैले भाजपा के प्रत्येक सदस्य को बहुत बहुत शुभकामनाएं देता हूं। कश्मीर से कन्याकुमारी, कच्छ से कोहिमा तक भाजपा एक भारत, श्रेष्ठ भारत के संकल्प को निरंतर सशक्त कर रही है।
10:12 AM, 06-Apr-2022
हमारे कार्यकर्ताओं ने दिन-रात काम किया: नड्डा
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि देश में हमारे विधायकों की संख्या 1,379 है, हमारे कार्यकर्ताओं ने दिन-रात काम किया। सेवा ही संगठन है और सेवा ही हमारा लक्ष्य है। ये पार्टी गरीबों की पार्टी है।
10:11 AM, 06-Apr-2022
भाजपा की विकास यात्रा में पीएम मोदी का योगदान अभूतपूर्व: नड्डा
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने जो भाजपा की विकास यात्रा में अपने जीवन को लगाया है उसका परिणाम आज हमलोगों को दिख रहा है। मैं करोड़ों कार्यकर्ताओं की ओर से उनका हार्दिक अभिनंदन करता हूं।
10:03 AM, 06-Apr-2022
राष्ट्र के प्रति समर्पण का भाव होना चाहिए: योगी
योगी ने कहा कि भारतीय जनसंघ की स्थापना का उद्देश्य यही था कि हमें सत्ता की राजनीति नहीं, हमें भारत के लिए समर्पण का भाव पैदा करने वाले लोगों को एक राजनीतिक दल के रूप में आगे बढ़ाने का कार्य करना है।
09:57 AM, 06-Apr-2022
भाजपा की यात्रा देश और दुनिया के लिए आश्चर्य का विषय: योगी
भाजपा के स्थापना दिवस के मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में कहा कि भाजपा की यात्रा देश और दुनिया के राजनीतिक विश्लेषकों के लिए आश्चर्य का विषय है। ये यात्रा बहुत कुछ कह देती है।
09:45 AM, 06-Apr-2022
BJP Foundation Day Live: पीएम मोदी बोले- हमने जितने काम किए, उनकी चर्चा में ही कई घंटे लग जाएंगे
भारतीय जनता पार्टी आज अपना 42वां स्थापना दिवस मना रही है। इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने दिल्ली में अपने मुख्यालय में पार्टी का झंडा फहराया। पीएम मोदी सुबह 10 बजे पार्टी कार्यकर्तोओं को संबोधित करेंगे। वहीं लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाग लिया।